मेदिनीनगर | पलामू जिले के लिए सोमवार का दिन हादसों का दिन साबित हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुए चार अलग-अलग सड़क और रेल हादसों में एक सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
1. ट्रेन की चपेट में आए रिटायर्ड जवान
मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बीसफूटा पुल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड होमगार्ड जवान रामानंद तिवारी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
2. हैदरनगर में अज्ञात व्यक्ति की मौत
दूसरी रेल दुर्घटना हैदरनगर और कोसियारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। यहाँ एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस शिनाख्त की कोशिशों में जुटी है।
3. पांकी में सड़क हादसे ने ली युवक की जान
पांकी थाना क्षेत्र के सूरजवन माड़न मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नौडीहा निवासी प्रमोद कुमार भुइयां अपनी बाइक से मेदिनीनगर जा रहे थे, तभी वे दुर्घटना का शिकार हो गए। पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
4. नेशनल हाईवे पर खड़ी हाईवा से टकराई बाइक
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के शंखा में एनएच-39 (NH-39) पर मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। सड़क पर खड़े एक हाईवा से टकराकर पप्पू चंद्रवंशी नामक युवक की मौत हो गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षा की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ। पलामू पुलिस ने जिलेवासियों से सड़क पर चलते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

