28 C
Kolkata
Friday, May 15, 2026

ऑटो के पलटने से घर लौट रहे पांच मजदूर घायल, दो गम्भीर

कोडरमा। जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाब पांडेयबारा रोड पर गुरुवार सुबह एक ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने से उसपर सवार पांच प्रवासी मजदूर घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 5 बजे की है। सभी मजदूर मुंबई से ट्रेन के जरिए कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से अपने घर जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किराए पर लिया था। ऑटो जैसे ही चंदवारा मस्जिद के पास पहुंचा, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठे सभी लोग घायल हो गए। ऑटो पलटते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे के बाद वहां कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत चंदवारा थाना पुलिस को सूचना दी और घायलों को संभालने में मदद की। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेजा गया। जहां दो लोगों कुनी भुइयां(35 ) तथा देवकी कुमार (35 ) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर ईलाज के लिए रिम्स (रांची) रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है। घायल सभी मजदूर हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के रहने वाले हैं। वे मुंबई में काम करते थे और अपने गांव लौट रहे थे।

Related Articles

नवीनतम लेख