26 C
Kolkata
Thursday, May 28, 2026

रंगदारी और नशेबाजी के विवाद में दो स्थानों पर फायरिंग, पांच राउंड गोलियां चलीं

जमशेदपुर । गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुई अंधाधुंध फायरिंग की घटनाओं ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भारी दहशत फैला दी है। महज पांच घंटे के अंतराल में नामदा बस्ती और उसके आस-पास के इलाके में दो अलग-अलग वारदातों में कुल पांच राउंड गोलियां चलायी गयीं। स्थानीय पुलिस दोनों मामलों को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ मानकर तफ्तीश कर रही है। इन दुस्साहसिक घटनाओं के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।

पहली वारदात: नशे का विरोध करने पर बुजुर्ग महिला पर चलाई गोली
पहली घटना मंगलवार की रात नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के ठीक पीछे घटित हुई, जहाँ पड़ोसियों के बीच चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक रूप में बदल गया। आरोप है कि वीर सिंह उर्फ पंडित नामक युवक ने अमन सिंह के घर पहुँचकर उनकी वृद्ध माता राज कौर पर सीधी गोली चला दी। हालांकि, निशाना चूकने के कारण गोली राज कौर को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गयीं।

पीड़ित अमन सिंह ने गोलमुरी थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि उनका छोटा भाई विक्की सिंह गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में जा रहा था। परिवार को पूरा संदेह था कि पड़ोस में रहने वाला वीर सिंह उर्फ पंडित ही उसे नशे के दलदल में धकेल रहा है। इसी बात को लेकर पूर्व में वीर सिंह को कड़ी चेतावनी दी गयी थी कि वह विक्की से दूरी बनाए रखे। आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए वीर सिंह मंगलवार की रात दुपहिया वाहन (स्कूटर) से उनके घर पहुँचा और बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी और फरार हो गया।

दूसरी वारदात: 20 लाख की रंगदारी के लिए ‘थार’ गाड़ी पर दागीं गोलियां
इस घटना के ठीक पांच घंटे बाद, देर रात 12:56 बजे दूसरी बड़ी फायरिंग की घटना से इलाका दहल उठा। अपराधियों ने राज नामक एक स्थानीय व्यक्ति के घर के सामने धावा बोलकर तीन राउंड गोलियां चलायीं, जिसमें से एक गोली राज की महंगी चार पहिया गाड़ी (थार) में जा लगी।

पीड़ित राज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से ठीक पहले उनके मोबाइल फोन पर एक धमकी भरा कॉल आया था। फोन करने वाले अपराधी ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी (लेवी) मांगी थी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए कॉलर ने कहा कि यदि पैसे नहीं मिले, तो उसे कन्हैया यादव के पास ऊपर पहुँचा दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले ही कन्हैया यादव की गोलमुरी डीएसपी कार्यालय के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी, जिसमें कुंडी मुख्य आरोपी है और वह फिलहाल फरार चल रहा है।

खोखा बरामद, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज
वारदात की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने दोनों घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं तथा आस-पास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख