पश्चिमी सिंहभूम । जनपद के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मलूका स्थित केनरा बैंक शाखा में शुक्रवार की भोर करीब 3 से 4 बजे के बीच आग लगने की घटना सामने आई है। सुबह लगभग 7 बजे आसपास के लोगों ने बैंक भवन से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
बैंक कर्मियों द्वारा शटर खोलते ही अंदर से तेज धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। स्थानीय लोगों ने पाइप से पानी का छिड़काव कर आग बुझाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने से बैंक के चार कंप्यूटर,एक प्रिंटिंग मशीन, एक कैश काउंटिंग मशीन तथा कई आवश्यक फाइलें जलकर नष्ट हो गईं। शाखा प्रबंधक अशोक कुमार सुंडी ने बताया कि बैंक का कैश लॉकर में सुरक्षित है और किसी प्रकार की नकदी की क्षति नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।


