डीग/भरतपुर । राजस्थान के डीग जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। जुरहरा थाना क्षेत्र के बादीपुर गांव में सोमवार रात एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो घरों के चिराग बुझ गए। अपनी पत्नी की जान बचाने की कोशिश में एक युवक और उसका छोटा भाई काल के गाल में समा गए।
गुस्से में पत्नी ने कुएं में लगाई छलांग
मिली जानकारी के अनुसार, बादीपुर निवासी रविंद्र (26) के घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि रविंद्र की पत्नी महिंद्रा अपना आपा खो बैठी और घर से भागकर पास ही स्थित एक कुएं में कूद गई।
बचाने की कोशिश में हुआ बड़ा हादसा
पत्नी को डूबता देख रविंद्र ने उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। अपने बड़े भाई को संकट में देख छोटा भाई तेजू (21) और बहन खुशबू भी बिना सोचे-समझे कुएं में उतर गए। गांव में शोर मचते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सियों के सहारे चारों को बाहर निकालने की जद्दोजहद शुरू की। चारों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रविंद्र और तेजू को मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम
इस घटना में रविंद्र और तेजू की मौत हो गई है, जबकि उनकी पत्नी महिंद्रा और बहन खुशबू की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है। एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत से पूरे बादीपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जुरहरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, हालांकि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।

