मेक्सिको सिटी। जूड बेलिंगहैम के दो जादुई गोल और कप्तान हैरी केन की सूझबूझ से इंग्लैंड ने सोमवार सुबह (भारतीय समयानुसार) फीफा विश्व कप 2026 के एक बेहद रोमांचक नॉकआउट मुकाबले में मेजबान मेक्सिको को 3-2 से शिकस्त दे दी। करीब 80 हजार दर्शकों से खचाखच भरे एस्टादियो एज़्टेका स्टेडियम में इंग्लैंड ने एक खिलाड़ी के रेड कार्ड (बाहर) होने के बावजूद अद्भुत जुझारूपन दिखाया और लगातार तीसरी बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की भिड़ंत एरलिंग हालैंड की कप्तानी वाली नॉर्वे की टीम से होगी।
98 सेकेंड में बेलिंगहैम का डबल धमाका
आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण मैच अपने तय समय से एक घंटे की देरी से शुरू हुआ, लेकिन मैदान पर उतरते ही इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम ने तूफान ला दिया। बेलिंगहैम ने शुरुआती महज 98 सेकेंड के भीतर बैक-टू-बैक दो गोल दागकर इंग्लैंड को 2-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।
-
पहला गोल: बुकायो साका के सटीक क्रॉस पर शानदार हेडर के जरिए आया।
-
दूसरा गोल: हैरी केन के बेहतरीन पास को उन्होंने जोरदार शॉट से गोल पोस्ट में तब्दील कर दिया।
इसके बाद मेक्सिको के जूलियन क्विनोनेस ने गोल कर वापसी की कोशिश की और पहला हाफ 2-1 पर छूटा।
रेड कार्ड का झटका और हैरी केन की पेनल्टी
दूसरे हाफ के 54वें मिनट में इंग्लैंड को तब बड़ा झटका लगा, जब जारेल क्वानसा को खतरनाक टैकल के लिए सीधे ‘रेड कार्ड’ दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही इंग्लिश टीम पर मेक्सिको हावी होने की कोशिश कर ही रही था कि 6 मिनट बाद एंथनी गॉर्डन को पेनल्टी बॉक्स में गिराए जाने पर इंग्लैंड को पेनल्टी मिल गई। स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने कोई गलती न करते हुए इसे गोल में बदला और स्कोर 3-1 कर दिया। यह केन का टूर्नामेंट में छठा गोल है, और वह गोल्डन बूट की रेस में मेसी और एम्बाप्पे से महज एक गोल पीछे हैं।
अंतिम क्षणों का रोमांच और ऐतिहासिक जीत
मैच के आखिरी हिस्से में मेक्सिको के राउल जिमेनेज़ ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 3-2 कर दिया। अंतिम 20 मिनट और 11 मिनट के लंबे इंजरी टाइम में मेक्सिको ने गोल के लिए चौतरफा हमले किए, लेकिन इंग्लैंड की मजबूत डिफेंस लाइन और गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड दीवार बनकर अड़े रहे। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही इंग्लैंड ने इसी मैदान पर 1986 विश्व कप में अर्जेंटीना (माराडोना के ‘हैंड ऑफ गॉड’) के हाथों मिली हार का दर्द भी भुला दिया है।
