29.3 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़: दो वांछितों के पैर में लगी गोली, हथियार बरामद

पटना । राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधियों के पैर में गोली लगी है, जबकि उनके एक अन्य साथी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने घायल अपराधियों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां वे कड़ी सुरक्षा के बीच उपचाराधीन हैं।

हथियार बरामदगी के दौरान हुई फायरिंग
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पहले तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था। शुरुआती पूछताछ में इन अपराधियों ने एक पुराने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ के दौरान अपराधियों ने बिहटा इलाके में छिपाकर रखे गए हथियारों की जानकारी दी।

जब पुलिस टीम अपराधियों की निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तो वहां पहले से छिपाकर रखे गए हथियारों का उपयोग कर अपराधियों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधियों की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में अवधेश उर्फ विदेशिया और पप्पू राय के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। तीसरे अपराधी दीपक कुमार ने स्थिति को देखते हुए पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया।

घायल अपराधियों को तत्काल इलाज के लिए सुरक्षित अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। एसएसपी के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख