रांची के भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बीती देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 7361 को तकनीकी कारणों से हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी, जिससे विमान में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पायलट की सूझबूझ से सभी 75 यात्री सुरक्षित रहे और कोई नुकसान नहीं हुआ। लैंडिंग के दौरान यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ, लेकिन विमान को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि इंडिगो का यह विमान देर से रात करीब 8:30 बजे रांची पहुंचा था। लैंडिंग के समय कुछ तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिसके कारण पायलट को हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, हार्ड लैंडिंग के बाद जांच में विमान के पिछले हिस्से में कोई बाहरी नुकसान नहीं पाया गया। विमान को एप्रन रैंप से जोड़ने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने बताया कि कई बार सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हार्ड लैंडिंग करानी पड़ती है, जिसके बाद विमान की तकनीकी जांच की जाती है।
हार्ड लैंडिंग के बाद विमान को अगली उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं माना गया। इसे ठीक करने के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम बुलाई गई है। इसी विमान को रांची से भुवनेश्वर जाना था, जिसके लिए बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर मौजूद थे। रात करीब 9:40 बजे यात्रियों को बताया गया कि तकनीकी कारणों से विमान उड़ान भरने की स्थिति में नहीं है और फिलहाल कोई दूसरा विमान उपलब्ध नहीं है। इससे नाराज यात्रियों ने कुछ देर हंगामा भी किया। बाद में इंडिगो प्रबंधन ने यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की। इसके अलावा 35 यात्रियों को कार से भुवनेश्वर भेजा गया, जबकि बाकी यात्रियों को आगे की जानकारी देने का आश्वासन दिया गया।


