भागलपुर।खानकाह पीर दमड़िया शाह खलीफा बाग, भागलपुर में शिक्षा के महत्व विषय पर आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक परामर्श बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर खानकाह पीर दमड़िया शाह खलीफा बाग के सज्जादानशीन सैयद शाह फ़खरे आलम हसन ने बताया कि खानकाह परिसर में 12 फरवरी को सुबह 11 बजे शिक्षा के महत्व पर एक कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संस्थापक इंजीनियर अब्दुल क़दीर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन इरशादुल्लाह विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
उन्होंने कहा कि इंजीनियर अब्दुल क़दीर और उनके संस्थान की शैक्षणिक सेवाएं अत्यंत सराहनीय हैं। उनके मार्गदर्शन में देशभर में 111 शाखाओं के माध्यम से लगभग 45 हजार छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जो संस्था की सफलता और शैक्षणिक योगदान का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने आगे बताया कि इस कॉन्फ्रेंस में शहर के शिक्षाविद, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि और बुद्धिजीवी विशेष रूप से शामिल होंगे। कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य यह है कि भागलपुर की धरती पर शिक्षा की रोशनी हर घर तक पहुंचे और आधुनिक और समकालीन शिक्षा के माध्यम से समाज के बच्चे देश, समुदाय और समाज के लिए प्रभावी भूमिका निभा सकें। इस अवसर पर सज्जादानशीन सैयद हसन ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि गोराडीह प्रखंड में शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के सहयोग से एक प्लस टू आवासीय विद्यालय की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने आशा व्यक्त किया कि यदि अल्लाह की मदद और रहमत बनी रही, तो भविष्य में खानकाह पीर दमड़िया शाह खलीफाबाग दीनि और दुनियावी उच्च शिक्षा का एक बड़ा केंद्र बनकर अपनी सेवाएं प्रदान करेगी। बैठक में मुफ्ती सलमान, डॉ. गुलाम सरवर अशरफ़ी, जाहिद हलीमी, ज़ैनुल आबिदीन, हम्माद शाह, मनाज़िर हुसैन और डॉ. देव ज्योति मुखर्जी (निदेशक, मानो सहायता केंद्र, वक्फ 159) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


