28 C
Kolkata
Saturday, August 15, 2026

सड़क किनारे मिला दिव्यांग बच्चा, मां की तलाश में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम। कदमा थाना क्षेत्र के फार्म एरिया में गुरुवार सुबह एक दिव्यांग बच्चा सड़क किनारे अकेला मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार एक महिला बच्चे को वहां छोड़कर चली गई थी। काफी देर तक महिला के वापस नहीं लौटने पर आसपास के लोगों की नजर बच्चे पर पड़ी और वे उसके पास पहुंचे। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस फिलहाल बच्चे की देखभाल कर रही है और उसे सुरक्षित रखने के लिए जिले की किसी संस्था या गैर सरकारी संगठन से संपर्क कर रही है, ताकि उसके पालन-पोषण की उचित व्यवस्था की जा सके।

घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच भावुक माहौल देखने को मिला। बताया गया कि बच्चा काफी देर तक धूप में बैठा रहा, जिससे वह परेशान और प्यासा हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे पानी पिलाया और खाने के लिए बिस्किट व अन्य सामान दिया। बच्चे की स्थिति देखकर कई लोग भावुक हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा बार-बार अपनी मां को याद कर रो रहा था। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि बच्चे को जल्द सुरक्षित माहौल और उचित देखभाल मिल सकेगी।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और बच्चे को वहां छोड़कर जाने वाली महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे या उसकी मां के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत कदमा थाना से संपर्क करें।

Related Articles

नवीनतम लेख