40.6 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

देहरादून के पार्थ का अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन

देहरादून। देहरादून के मियांवाला क्षेत्र में रहने वाले पार्थ परमार का उत्तराखंड अंडर 14 आयु वर्ग की क्रिकेट टीम में चयन होने से उनके घर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। परिवार और क्षेत्रवासियों की ओर से उन्हें लगातार बधाई संदेश मिल रहे हैं। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने गत वर्ष दिसंबर माह में छिद्दरवाला स्थित आयुष क्रिकेट अकादमी में अंडर-14 के ट्रायल आयोजित किए गए थे। इन ट्रायल्स में कुल 20 खिलाड़ियों का चयन उत्तराखंड अंडर-14 टीम के लिए किया गया, जिसमें देहरादून के मियांवाला निवासी पार्थ परमार का चयन एक बल्लेबाज और विकेट कीपर के रूप में हुआ है।
पार्थ के पिता चंद्रपाल सिंह परमार एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं और मियांवाला में एक कन्फेक्शनरी की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने बताया कि पार्थ वर्ष 2018 से क्रिकेट खेल रहा है। टीम में चयन से पार्थ ने स्वयं का उत्साह बढ़ाने के साथ ही पूरे परिवार को भी गौरवान्वित किया है। पिता ने बताया कि पार्थ बचपन से ही विराट कोहली को अपना आदर्श क्रिकेटर मानता है। अब तक पार्थ लगभग 350 मैच खेल चुका है, जिसमें उसने 24 शतक लगाए हैं और 13,000 से अधिक रन बनाए हैं।
उत्तराखंड अंडर-14 टीम में चयन का श्रेय पार्थ ने अपने माता-पिता को दिया है। पार्थ का कहना है कि माता-पिता ने हमेशा उसे खेल के प्रति पूरी स्वतंत्रता और समर्थन दिया, जिसके कारण आज उसे प्रदेश का नाम रोशन करने का अवसर मिला है। पार्थ ने कहा कि वह इस मंच पर अच्छा प्रदर्शन कर अधिक से अधिक रन बनाना चाहता है और टीम को जीत दिलाने में योगदान देना चाहता है। पार्थ ने जानकारी दी कि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की अंडर-14 की टीम आज मंगलवार को 15 दिनों के लिए इंदौर रवाना होगी, जहां टीम राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में प्रतिभाग करेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख