देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी स्थित महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड, रायपुर में खेले जा रहे सचिवालय सुपर लीग 2026 के तहत शनिवार को दो मुकाबले खेले गए, जिनमें सचिवालय डेंजर और सचिवालय पैंथर ने जीत दर्ज की।
दिन के पहले मुकाबले में सचिवालय हरिकेन और सचिवालय डेंजर आमने-सामने रहे। हरिकेन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 107 रन बनाए, जिसमें सुनील मेंदोला ने 43 रन का योगदान दिया। डेंजर की ओर से शीशपाल सिंह और वीरेंद्र सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय डेंजर ने 13 ओवर में तीन विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। मनोज बिष्ट ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। अनुज चमोली ने दो विकेट लिए। इस मैच में शीशपाल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में सचिवालय पैंथर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए, जिसमें सौरभ उनियाल ने 34 रन बनाए। बुल्स की ओर से विक्की ने चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सचिवालय बुल्स की टीम 99 रन पर ऑल आउट हो गई। सुधांशु राणा ने 38 रन बनाए, जबकि पैंथर की ओर से अजीत, जितेंद्र और प्रमोद ने तीन-तीन विकेट लिए। इस मैच में अजीत शर्मा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

