बिरसा भूमि लाइव
पलामू : संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन की एस-9 बोगी पूरे 32 मिनट तक डकैतों के कब्जे में रही। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। इस दौरान जमकर लूटपाट हुई। पूरी वारदात को अंजाम लातेहार से बरवाडीह स्टेशन के बीच अंजाम दिया गया। इसके बाद लूटेरे बरवाडीह में उतर कर फरार हो गए। इस दौरान करीब 50 से अधिक यात्रियों से लूटपाट हुई।
बताया गया है कि लूटेरों की संख्या 12 के आसपास होगी। सभी हथियारों से लैस थे। घटना के बाद डकैतों ने बोगी की सभी लाइटों को बंद करवा दिया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की। उन्होंने कई यात्रियों के साथ मारपीट भी की। जख्मी यात्रियों का ट्रेन में ही इलाज किया गया। जानकारी मिलते ही पलामू के उप विकास आयुक्त रवि आनंद समेत जिले के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों के इलाज की व्यवस्था की।
मामले में डालटनगंज रेल थाना की पुलिस ने यात्रियों का फर्द बयान लिया है। फर्द बयान के आधार पर बरकाकाना रेल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। रेल डीएसपी संजीव कुमार बेसरा ने बताया कि वारदात की छानबीन हो रही है। कई बिंदुओं पर दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। बरकाकाना रेल थाना में मामला दर्ज हुआ है।
शनिवार की रात जम्मूतवी एक्सप्रेस 11:22 में खुली थी और बरवाहीह रेलवे स्टेशन पर 11:54 में पहुंची। इस दौरान डकैती ने घटना को अंजाम दिया गया। ट्रेन के ड्राइवर ने रेलवे अधिकारियों को बताया कि लातेहार से ट्रेन खुली थी और सीधे बरवाहीह में रुकी। इस बीच कहीं भी चेन पुलिंग की घटना नहीं हुई। बरवाहीह में मात्र दो मिनट के लिए ट्रेन रुकी थी। इस दौरान बरवाहीह में किसी को जानकारी नहीं दी गई।