32 C
Kolkata
Thursday, August 27, 2026

हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम । उलीडीह ओपी क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

आरोपित के पास से अवैध हथियार और जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। मामले की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी (33) के रूप में हुई है। वह उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित लक्ष्मण नगर सुभाष कॉलोनी का निवासी बताया गया है।

पुलिस के अनुसार एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक युवक हथियार लेकर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और लोगों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है।

सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की और आरोपित को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने यह हथियार बिहार के बक्सर से 30 हजार रुपये में खरीदा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपित इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहता था और स्थानीय कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहा था। इस मामले में उलीडीह ओपी में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एमजीएम थाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दो मामले पहले से दर्ज हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख