22 C
Kolkata
Thursday, April 9, 2026

सहकारिता मंत्री ने नाबार्ड के बिहार क्षेत्रीय कार्यालय का किया दौरा

पटना। सहकारिता विभाग सह पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने आज राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के बिहार क्षेत्रीय कार्यालय का दौरा किया।

इस अवसर पर बिहार राज्य में नाबार्ड के द्वारा संचालित विभिन्न पहलों तथा राज्य में सहकारी संस्थाओं के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई।

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने मंत्री को बिहार में नाबार्ड की गतिविधियों, सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति तथा नाबार्ड के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न वित्तीय एवं विकासात्मक योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि नाबार्ड, वित्तीय संस्थानों को उत्पादन ऋण के समर्थन हेतु अल्पकालीन पुनर्वित्त निवेश ऋण के प्रोत्साहन हेतु दीर्घकालीन पुनर्वित्त उपलब्ध कराता है। इसके अतिरिक्त, नाबार्ड, ग्रामीण अवसंरचना विकास को सुदृढ़ करने के लिए ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि तथा ग्रामीण अवसंरचना सहायता योजना के अंतर्गत राज्य सरकारों को प्रत्यक्ष ऋण उपलब्ध कराता है।

मौके पर मंत्री ने कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नाबार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने नाबार्ड को निदेशित किया कि वह अपनी विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की पहुंच पंचायत स्तर तक सुनिश्चित करने हेतु व्यापक मीडिया प्रचार एवं जागरूकता अभियानों के साथ-साथ लाभार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद को सुदृढ़ करे।

मंत्री ने नाबार्ड द्वारा सहकारी बैंकों को पुनर्वित्त उपलब्ध कराने, विकासात्मक सहयोग प्रदान करने, प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के कंप्यूटरीकरण, पैक्स को विभिन्न अनुदान-आधारित योजनाओं से जोड़ने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने सहकारी बैंकों एवं पैक्स से संबंधित विभिन्न मुद्दों के समाधान हेतु सरकार द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख