तूतीकोरिन (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के विलाथिकुलम से डीएमके विधायक मार्कंडेयन को आज तड़के पुलिस ने नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई कोविलपट्टी में आयोजित डीएमके की आमसभा के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ की गई विवादित और धमकी भरी टिप्पणी के आरोप में की गई है। विधायक की इस अचानक हुई गिरफ्तारी से डीएमके खेमे में हड़कंप मच गया है।
आमसभा में की थी टिप्पणी, टीवीके कार्यकर्ताओं में फैला रोष
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कोविलपट्टी के पास मतदाताओं का आभार जताने के लिए डीएमके की एक आमसभा बुलाई गई थी। इस सभा में डीएमके के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री शामिल हुए थे। आरोप है कि इसी मंच से विधायक मार्कंडेयन ने मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ तीखे और धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने मंच से यहां तक कह दिया कि “भ्रष्टाचार का पूरा स्वरूप तमिलनाडु के मुख्यमंत्री हैं।” इस बयान के बाद तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी आक्रोश फैल गया।
तड़के 50 पुलिसकर्मियों ने डाला डेरा, समर्थकों का भारी हंगामा
टीवीके के तूतीकोरिन जिला पदाधिकारियों ने इस मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में विधायक के खिलाफ मानहानि और धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के बाद, आज तड़के करीब 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम विलाथिकुलम स्थित विधायक के आवास पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में डीएमके समर्थक मौके पर जुट गए और पुलिस वाहन का घेराव कर सड़क जाम व विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस फिलहाल विधायक को पूछताछ के लिए एसपी कार्यालय ले गई है।
