रांची | मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने मंगलवार को रांची के निवारणपुर स्थित ऐतिहासिक श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की और मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
आस्था और विरासत का संगम
मुख्यमंत्री ने मंदिर के नवनिर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तपोवन मंदिर के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा “श्री राम जानकी तपोवन मंदिर केवल हमारी आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह रांची की एक अनमोल ऐतिहासिक धरोहर भी है। इसके रिनोवेशन कार्य में राज्य सरकार पूरी तरह से सहयोग करेगी।”
श्रद्धालुओं के लिए मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएँ
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण का उद्देश्य इसे भव्य रूप देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाना भी है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और भक्तों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिसर को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है जिससे दर्शन की प्रक्रिया सुगम और सुविधाजनक हो सके।
सांस्कृतिक विकास पर जोर
विधायक कल्पना सोरेन ने भी मंदिर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद यह स्थल न केवल धार्मिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी बड़े आकर्षण का केंद्र बनेगा।
ज्ञात हो कि बीते सोमवार को ही श्री राम जानकी तपोवन मंदिर नवनिर्माण समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी थी और स्थल निरीक्षण के लिए आमंत्रित किया था। उसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री स्वयं मंदिर पहुंचे।

