32 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

बुल्स ने जीता सचिवालय सुपर लीग 2026 का खिताब, रोमांचक फाइनल में पैंथर्स को हराया

देहरादून। देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार देर रात खेले गए सचिवालय सुपर लीग 2026 के ग्रैंड फिनाले में सचिवालय बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पैंथर्स को 2 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां बुल्स ने लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पैंथर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 144 रन बनाए। टीम की ओर से जगमोहन ने 41 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। बुल्स की ओर से हुकम चौहान और नरेंद्र ने 2-2 विकेट लेकर गेंदबाजी में अहम योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सचिवालय बुल्स ने अच्छा प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। टीम की जीत में सुधांशु राणा (53) और नरेंद्र (42) की पारियां निर्णायक साबित हुईं। बुल्स ने 8 विकेट खोकर अंतिम ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। पैंथर्स की ओर से विकास और हितेश क्षेत्री ने 3-3 विकेट लेकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।

हरफनमौला प्रदर्शन के लिए नरेंद्र सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमोद नेगी को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब मिला।

अन्य पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज प्रमोद नेगी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज विक्की तोमर, सर्वश्रेष्ठ फील्डर टिकराज सिंह और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर अरविंद राणा रहे।

फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री पीआरओ राजेश शेट्टी, अपर सचिव संतोष बडोनी, ए.के. शुक्ल, टी.एच. खान, अनिल काला, राकेश जोशी, सुनील लखेड़ा, प्रदीप पपने और जीतमणि सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। टूर्नामेंट का समापन उत्साह और गरिमा के साथ हुआ।

Related Articles

नवीनतम लेख