गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत डंडा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 22 वर्षीय छात्रा के साथ पहले पिस्तौल के बल पर दुष्कर्म किया गया और बाद में शादी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पलामू में पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ शोषण
पीड़िता मूल रूप से डंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और पलामू में रहकर अपनी पढ़ाई कर रही थी। छात्रा का आरोप है कि उसके पड़ोस में रहने वाले चैनपुर निवासी एक 18 वर्षीय युवक ने उसे कमरे में अकेला पाकर पिस्तौल की नोंक पर डराया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया।
अपहरण और जबरन शादी का नाटक
घटना यहीं नहीं रुकी। पीड़िता के अनुसार, बीते 4 अप्रैल को जब वह अपने गांव में थी और उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, तब आरोपी अपने बहनोई के साथ वहां पहुँचा। आरोप है कि दोनों ने छात्रा का अपहरण किया और उसे पलामू के लोहरदगा गांव ले गए। वहां आरोपी की बहन और बहनोई की मौजूदगी में जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी का ढोंग रचा गया।
नदी के पास सामूहिक दुष्कर्म और ग्रामीणों की सतर्कता
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के इस नाटक के बाद आरोपी और उसका बहनोई उसे गांव के पास स्थित तहले नदी के पुल के नीचे ले गए, जहाँ दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद जब आरोपी पीड़िता को लेकर गांव पहुँचे, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने उन्हें घेर लिया। पुलिस को सूचना मिलते ही मुख्य आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसका बहनोई मौके से फरार होने में सफल रहा।

