पूर्वी सिंहभूम। टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी (FIR) के विरोध में सोमवार रात टेल्को सेक्टर मार्केट में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू उपस्थित रहीं। बैठक के दौरान विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है। यदि झूठे मुकदमों के जरिए कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया, तो भाजपा संवैधानिक दायरे में रहकर व्यापक जनआंदोलन करेगी।
प्राथमिकी को बताया निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित
विधायक पूर्णिमा साहू ने टेल्को थाना में दर्ज मुकदमे को पूरी तरह मनगढ़ंत बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को अपराध का रूप देकर भाजपा नेताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। विधायक का आरोप था कि एफआईआर में कई ऐसी गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं, जिनसे संबंधित कोई भी घटना जमशेदपुर बंद के दौरान नहीं हुई थी और न ही किसी प्रशासनिक या मीडिया रिपोर्ट में ऐसी किसी बात का उल्लेख है। इससे साफ है कि राजनीतिक दबाव में आकर पुलिस-प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रहा है।
जमशेदपुर बंद के दौरान 18 नेताओं पर दर्ज हुआ है मुकदमा
बैठक में 3 जुलाई को शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था, हिमांशु हत्याकांड और बढ़ते अपराधों के खिलाफ आयोजित ‘जमशेदपुर बंद’ के दौरान दर्ज हुई एफआईआर की प्रतियों का अध्ययन किया गया। इस बंद के दौरान टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण सहित 18 नामजद भाजपा नेताओं और कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है और इस दमनकारी नीति का लोकतांत्रिक जवाब दिया जाएगा।
एसएसपी से मिलेगा भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
बैठक में सर्वसम्मति से रणनीति तैयार करते हुए यह निर्णय लिया गया कि भाजपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर दर्ज प्राथमिकी से सभी निराधार और मनगढ़ंत धाराओं को हटाने तथा शहर में बेलगाम हो चुके अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग करेगा। इस बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
