रांची: भाजपा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर जी राम जी योजना को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांव, गरीब और किसान विरोधी मानसिकता के कारण इस योजना का विरोध कर रही है। आदित्य साहू ने कहा कि मनरेगा में लंबे समय से फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार व्याप्त रहा है. कई सुधार प्रयासों के बावजूद स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकसित भारत 2047 के संकल्पों को साकार करने के लिए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), जिसे जी राम जी योजना कहा जा रहा है, लागू करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि मनरेगा भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र बन गया था। झारखंड सहित कई राज्यों में बड़े पैमाने पर घोटाले सामने आए. खूंटी जिले में 24 करोड़ रुपये के गबन के मामले में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को जेल जाना पड़ा. वित्तीय वर्ष 2024-25 में मनरेगा में 193.67 करोड़ रुपये के गबन का मामला दर्ज किया गया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23 राज्यों में कागजों पर ऐसे कार्य दिखाए गए, जिनका जमीनी अस्तित्व नहीं था। आदित्य साहू ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद केवल 7.61 प्रतिशत परिवार ही 100 दिन का रोजगार पूरा कर पाए. ई-भुगतान की व्यवस्था के बावजूद डिजिटल उपस्थिति और कार्य निष्पादन में भारी अनियमितताएं सामने आईं। इन्हीं कारणों से नए अधिनियम की आवश्यकता महसूस हुई।


