33 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत

अमेठी । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुल्तानपुर रोड स्थित माधवपुर गांव के पास मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेदन मवई गांव निवासी संतोष ओझा एक मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए माधवपुर गांव गए थे। जहां से देर रात में वापस लौटते समय गौरीगंज सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार संतोष ओझा (45) को कुचल दिया। जिसके चलते संतोष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची गौरीगंज कोतवाली पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने में जुटी रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंशीगंज कोतवाली पुलिस को भी घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा। आक्रोशित भीड़ का कहना था कि पहले कुचलने वाली गाड़ी को पकड़ा जाए उसके बाद ही लाश को यहां से उठाया जाए। फिलहाल पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से लाश को वहां से हटवाया गया और राष्ट्रीय राजमार्ग खाली करते हुए आवागमन बहाल कराया गया।

घटना के संबंध में गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बुधवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर वह पहुंच गए थे। आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर लाश का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक को कुचलने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख