सारण: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग में अधिनायक अनुदेशक पद की 29 जुलाई को आयोजित लिखित परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह का सारण पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की सतर्कता से परीक्षा केंद्र के भीतर और बाहर सक्रिय आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में दो अभ्यर्थी, एक सिपाही और दो होमगार्ड जवान शामिल हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नैनी परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के दौरान सघन जांच में दो परीक्षार्थियों विश्वजीत कुमार शर्मा (वैशाली) और अमित कुमार (भोजपुर) के पास से संदिग्ध ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद उनके सहयोगी वॉकी-टॉकी के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर छह अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक ब्लूटूथ डिवाइस, एक वॉकी-टॉकी सेट, दो चार्जर, बैटरी, नौ मोबाइल फोन, एक कार, दो आधार कार्ड और दो प्रवेश पत्र बरामद किए हैं।
इस मामले में मुफस्सिल थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), बिहार लोक परीक्षा अधिनियम-2024 और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह में शामिल सिपाही परीक्षा व्यवस्था की कमजोरियों का फायदा उठाकर अभ्यर्थियों तक नकल सामग्री और सॉल्वर पहुंचाने की भूमिका निभाता था। वहीं, दो होमगार्ड जवान परीक्षा केंद्रों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों की जानकारी गिरोह तक पहुंचाते थे। अन्य सदस्य अभ्यर्थियों से संपर्क करने, पैसों का लेनदेन करने और ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की व्यवस्था करने का काम करते थे। मामले की आगे की जांच जारी है।
