नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बमबारी रुकने से आपूर्ति संबंधी चिंताएं कम हुईं, जिसके चलते ब्रेंट क्रूड और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड दोनों सात प्रतिशत तक लुढ़क गए।
दो सप्ताह तक चले सैन्य संघर्ष के दौरान कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी। अब दोनों देशों की ओर से हमले रुकने के बाद बाजार में राहत का माहौल बना है, जिससे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई है।
ब्रेंट क्रूड 91 डॉलर के करीब पहुंचा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ने 6.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.94 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में यह 7.16 प्रतिशत टूटकर 91.33 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। बाद में इसमें हल्की रिकवरी देखने को मिली। भारतीय समयानुसार सुबह 9:15 बजे ब्रेंट क्रूड 5.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.67 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 84 डॉलर के करीब फिसला
वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड की कीमत भी 6.37 प्रतिशत गिरकर 84.71 डॉलर प्रति बैरल पर खुली। शुरुआती कारोबार में यह 7.07 प्रतिशत टूटकर 84.07 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। बाद में इसमें भी हल्का सुधार हुआ। सुबह 9:15 बजे डब्ल्यूटीआई क्रूड 5.84 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 85.19 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में स्थिति सामान्य बनी रहती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।
