27.1 C
Kolkata
Monday, July 27, 2026

बंगाल की खाड़ी के निम्न दबाव से पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में चेतावनी

कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के प्रभाव से पूरे पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और दक्षिण 24 परगना में सात से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

बांकुड़ा, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है।

कोलकाता समेत कई शहरों में बादल और बारिश

कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना और पूर्व बर्धमान में दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

उत्तर बंगाल में भी बारिश का असर

मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी लगातार बारिश की संभावना है। अगले दो से तीन दिनों के लिए कुछ क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

भूस्खलन का बढ़ा खतरा

लगातार बारिश के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Related Articles

नवीनतम लेख