खूंटी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) खूंटी एवं सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारों के प्रचार-प्रसार और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, सदर अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत सहिया और पारा विधिक स्वयंसेवक मौजूद थेे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहियाओं और पीएलवी को जागरूक और सशक्त बनाना था, ताकि वे प्रशासन और ग्रामीण समुदाय के बीच प्रभावी सेतु बनकर कार्य कर सकें।
इस दौरान सहियाओं और पीएलवी को निर्देश दिया गया कि वे गांवों में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आयुष्मान भारत और अन्य राज्य स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। साथ ही घर-घर संपर्क और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से जागरूकता फैलाने, आयुष्मान कार्ड बनवाने, मरीजों के पंजीकरण और अस्पताल में उपचार दिलाने में मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा ग्रामीणों को निःशुल्क उपचार, मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की भी अपील की गई।
सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत बनाने में जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे सहियाओं और पीएलवी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। डीएलएसए के सचिव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच हर व्यक्ति का मौलिक अधिकार है और जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

