32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

भीषण गर्मी में चरमराई औरैया की बिजली व्यवस्था, 33 केवी लाइन में फाल्ट से 150 से अधिक गांव परेशान

ओवरलोडिंग के कारण 24 घंटे में दो बार टूटे तार; पेयजल संकट गहराने से लोगों में भारी आक्रोश

औरैया । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। केशमपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े फफूंद कस्बे और ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दरअसल, असेनी-केशमपुर 33 केवी लाइन पर चपटा विद्युत स्टेशन का अतिरिक्त लोड होने की वजह से आए दिन फाल्ट और ट्रिपिंग की गंभीर समस्या बनी हुई है।

24 घंटे ठप रही आपूर्ति, पेयजल संकट गहराया
बीते 24 घंटे के दौरान इस मुख्य लाइन के तार दो बार टूट गए, जिससे कस्बे सहित करीब डेढ़ सौ से अधिक गांवों की बिजली पांच से सात घंटे तक ठप रही। कड़कड़ाती धूप और गर्मी के बीच बिजली गुल होने से घरों के पंखे-कूलर ठप हो गए। इसके साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पानी की मोटरें नहीं चल पाईं, जिससे इलाके में पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया और लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा।

फीडर अलग करने की उठी मांग
लगातार आ रही दिक्कतों से नाराज क्षेत्रीय लोगों और राष्ट्रीय कोरी कोली जागृति महासभा के अध्यक्ष बेचेलाल कोरी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने चपटा लाइन को तुरंत अलग करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि चपटा का फीडर अलग होने से ओवरलोड की समस्या खत्म होगी और बिजली आपूर्ति में सुधार आएगा।

अवर अभियंता धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के चलते बिजली की मांग अचानक बढ़ने से लाइन पर लोड ज़्यादा हो गया था, जिससे यह फाल्ट हुआ। फिलहाल खराबी को ठीक करके आपूर्ति बहाल कर दी गई है और लो-वोल्टेज की समस्या को भी जल्द दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख