33.3 C
Kolkata
Friday, June 12, 2026

कटे होंठ-तालू के साथ जन्मी अनीशा को मिला नया जीवन

किशनगंज । राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की पहल से एक गरीब परिवार की छह माह की बच्ची को नया जीवन मिला है।

किशनगंज प्रखंड के कचरिया गांव निवासी टोटो चालक रोनित बसाक की पुत्री अनीशा कुमारी, जो जन्म से ही क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट (कटे होंठ और कटे तालू) की समस्या से जूझ रही थी, उसका सफल ऑपरेशन पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में कराया गया।

ऑपरेशन के बाद बच्ची स्वस्थ है और सामान्य जीवन की ओर बढ़ रही है। जानकारी के अनुसार अनीशा के जन्म के साथ ही परिवार पर चिंता का पहाड़ टूट पड़ा था। सीमित आय वाले परिवार के लिए महंगा इलाज कराना संभव नहीं था। बच्ची को दूध पीने में कठिनाई होती थी और उसके भविष्य को लेकर माता-पिता लगातार चिंतित रहते थे।

आरबीएसके टीम ने नियमित स्वास्थ्य जांच के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर अनीशा की पहचान की। टीम ने परिजनों को बीमारी और उपचार के बारे में जानकारी दी तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को आईजीआईएमएस पटना रेफर कराया। 10 जून को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उसका सफल ऑपरेशन किया गया। बेटी के सफल इलाज से माता-पिता बेहद खुश हैं। मां राखी देवी ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे इलाज की कल्पना भी नहीं कर सकते थे, लेकिन आरबीएसके टीम ने हर कदम पर सहयोग किया। वहीं पिता रोनित बसाक ने इसे किसी चमत्कार से कम नहीं बताया और कहा कि सरकारी योजना के कारण उनकी बेटी का महंगा इलाज पूरी तरह नि:शुल्क हो सका।

Related Articles

नवीनतम लेख