31.4 C
Kolkata
Saturday, March 14, 2026

गवाही देकर घर लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, मौत

चतरा | जिले के सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर स्थित नवोदय विद्यालय के पास चिरैतवा इलाके की है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम युवक, जो कोर्ट में गवाही देकर लौट रहा था, पर अज्ञात अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी कुशियाल साव के बेटे करमजीत कुमार उर्फ विकास साव के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक एक नाबालिग से जुड़े प्रेम प्रसंग के मामले में गवाही देने चतरा व्यवहार न्यायालय गया था। वह गवाही देकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी बोलेरो पर सवार अपराधियों ने उसका पीछा किया और धमधमा गांव के पास उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे वह तीन गोलियों का शिकार हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक घटना के पीछे के कारण का पता नहीं चल सका है। सदर थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है।

 

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles