औरैया । दिल्ली-हावड़ा बेहद व्यस्त रेल मार्ग पर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अंतर्गत अछल्दा रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ एक अज्ञात युवक की तेज रफ्तार तेजस राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद शव रेलवे ट्रैक पर ही फंसे होने के कारण अप-डाउन रूट प्रभावित हुआ और वीआईपी ट्रेन राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को आउटर के होम सिग्नल पर करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय रेलवे प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है।
लोको पायलट की सूचना पर रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप
रेलवे आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9:07 बजे डाउन लाइन से गुजर रही ट्रेन संख्या 12310 राजेंद्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट (ड्राइवर) ने अछल्दा के स्टेशन मास्टर को वायरलेस के जरिए आपातकालीन सूचना दी। उन्होंने बताया कि खंभा संख्या 1117/16 के पास एक व्यक्ति उनकी ट्रेन के आगे आ गया है। इस वीआईपी ट्रेन के रूट पर हादसे की खबर से अचानक रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। ट्रैक बाधित होने के कारण कानपुर की ओर बढ़ रही राजधानी एक्सप्रेस को तुरंत सिग्नल लाल कर वहीं रोकना पड़ा।
पॉइंट मैन ने ट्रैक से हटाया शव, मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी
स्टेशन मास्टर से मिले निर्देश के बाद रेलवे के पॉइंट मैन और सुरक्षाकर्मी तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे ट्रैक के बीच से शव को हटाकर किनारे किया, जिसके बाद ग्रीन सिग्नल पाकर ट्रेन करीब 15 मिनट बाद आगे के सफर के लिए रवाना हो सकी। जीआरपी फफूंद के प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ कपड़े, एक लोवर और बेल्ट बरामद हुए हैं।
