30 C
Kolkata
Tuesday, May 26, 2026

दो महिलाओं के चेहरे पर कालिख पोतने के मामले में आरोपित के घर पर भीड़ का हमला

रांची। रांची के सदर थाना क्षेत्र में 29 मार्च को दो महिलाओं के चेहरे पर कालिख पोतकर मोहल्ले में घुमाने की घटना के बाद लोगों में आक्रोश है। गुरुवार को भीड़ ने आरोपित के घर पर हमला कर दिया। आरोपित के घर में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

भीड़ में शामिल लोगों ने कहा कि दो आदिवासी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ है। ऐसे में इस मामले में बड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने भीड़ में शामिल लोगों को समझाया कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। भीड़ में कई संगठनों के लोग शामिल थे। उनका कहना था कि इस मामले में जितने लोग शामिल थे सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो।

सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने कहा कि भीड़ में शामिल लोगों को यह बताया गया कि इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही आगे की जांच की जा रही है। जांच में जैसे-जैसे नए तथ्य आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत करा दिया है।

यह मामला 29 मार्च का है। सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली दो महिलाओं के साथ मारपीट और सार्वजनिक अपमान का मामला सामने आया था। दोनों पीड़िता सदर थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहती हैं। दोनों महिलाओं ने आरोप लगाया था कि 29 मार्च को पंकज कुमार नामक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जबरन उन्हें बाहर खींच लिया। आरोपितों ने दोनों महिलाओं को न सिर्फ चप्पल की माला पहनायी, बल्कि उनके चेहरे में कालिख पोतकर मोहल्ले में घुमाया।

Related Articles

नवीनतम लेख