36 C
Kolkata
Saturday, April 4, 2026

कलयुगी पिता ने ली बेटे की जान, शराब के नशे में विवाद के बाद सीने में घोंपा चाकू

लातेहार । जिले के मनिका थाना क्षेत्र के उचुवाबर गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पिता ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पुत्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य ग्रामीण को भी इस हमले में चोट आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के नशे में हुआ खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, बिनेश्वर परहिया और उसके पुत्र सीताराम परहिया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीती रात दोनों ने शराब पी रखी थी, जिसके बाद झगड़ा हिंसक हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बेटे ने पिता को जमीन पर पटक दिया, जिससे गुस्साए पिता ने आपा खो दिया और धारदार चाकू से अपने ही इकलौते बेटे पर हमला बोल दिया।

बचाने आए ग्रामीण पर भी हमला
जब पिता-पुत्र आपस में भिड़ रहे थे, तब स्थानीय ग्रामीण सुदेश परहिया ने उन्हें शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इस दौरान सुदेश के हाथ में भी चाकू लग गया। घायल सुदेश ने बताया कि देखते ही देखते बिनेश्वर ने सीताराम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों की सूचना पर मनिका थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी पिता बिनेश्वर परहिया को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं और विवाद के असली कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख