झारखंड सरकार ने डायल 112 इमरजेंसी सेवा का रिस्पांस समय बेहतर करने की पहल शुरू कर दी है। नए साल से इसका लक्ष्य 10 मिनट से कम रिस्पांस टाइम हासिल करना रखा गया है। इस क्रम में गुरुवार को झारखंड की गृह सचिव वंदना दादेल ने रांची के कचहरी चौक स्थित डायल 112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में डायल 112 का रिस्पांस समय 12 से 13 मिनट के बीच है। इसे 10 मिनट से नीचे लाने के लिए पुलिस को नए वाहन दिए जा रहे हैं और जवानों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। इससे घटनास्थल या शिकायत के स्रोत तक जल्दी पहुंचना संभव होगा।
गृह सचिव ने डायल 112 का निरीक्षण करने के बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 के कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। 1930 में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें ऑनलाइन दर्ज की जाती हैं और ठगों से ठगे गए पैसे वापस दिलाने का काम किया जाता है। गृह सचिव ने कंट्रोल रूम में संसाधनों की कमी का जिक्र करते हुए कहा कि मैनपावर और उपकरण बढ़ाना जरूरी है, क्योंकि मामले लगातार बढ़ रहे हैं।


