28 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

रांची में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 21 वर्षीय सजबीन परवीन का शव उसके ससुराल के कमरे में मिला। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सजबीन की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप दिया गया है। यह घटना लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रमजान कॉलोनी की है। सजबीन परवीन अपने ससुराल में रह रही थी। सोमवार रात उसका शव कमरे में पाया गया। मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग रांची पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची लोअर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।

मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सजबीन को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उस पर मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने और अलग-अलग समय पर पैसे लाने का दबाव बनाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि जब ससुराल वाले अपने इरादों में सफल नहीं हो पाए तो उन्होंने सजबीन की हत्या कर दी और बाद में इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की। पुलिस इस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है। लोअर बाजार थानेदार रणविजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का समय सोमवार रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को रात करीब 2 बजे दी गई। सूचना देने में हुई देरी के कारण मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख