कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के एसएससी मैदान पर शुरू हो गया है। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बड़ा बदलाव करते हुए बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव को बाहर रखा है, जबकि ऑफ स्पिनर सारांश जैन को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया गया है।
इंदौर के रहने वाले सारांश जैन को टीम की बैठक के दौरान अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने डेब्यू कैप सौंपी। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि कुलदीप यादव संक्रमण के कारण इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह सारांश को टीम में शामिल किया गया है।
भारत ने गाले में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराया था। इस जीत के साथ भारतीय टीम दो मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। लगातार दूसरी बार टॉस जीतने वाले शुभमन गिल की नजर अब सीरीज पर कब्जा करने पर है।
श्रीलंका ने भी अपनी प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। टीम ने कामिल मिशारा और पसिंदु सोरियाबंडारा को शामिल किया है। पसिंदु पिछले टेस्ट में कनकशन रिप्लेसमेंट के तौर पर मैदान पर उतरे थे, लेकिन इस मुकाबले को उनका आधिकारिक टेस्ट पदार्पण माना जा रहा है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।
