32 C
Kolkata
Tuesday, August 18, 2026

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हुए जेक वेदराल्ड, रेनशॉ को मिला मौका

मेलबर्न। बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन टेस्ट में नौ विकेट से मिली शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे और अंतिम टेस्ट के लिए अपनी टीम में एक बदलाव किया है। सलामी बल्लेबाज जेक वेदराल्ड को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज मैथ्यू रेनशॉ को शामिल किया गया है।

ऑस्ट्रेलिया को डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश के हाथों करारी हार झेलनी पड़ी थी। इस हार के बाद टीम की बल्लेबाजी पर गंभीर सवाल उठे हैं। वेदराल्ड पहले टेस्ट में 23 और शून्य रन ही बना सके थे।

वेदराल्ड ने पिछले साल घरेलू एशेज श्रृंखला के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। छह टेस्ट में उन्होंने 20.36 की औसत से 224 रन बनाए हैं, जिसमें केवल एक अर्धशतक शामिल है।

मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से वेदराल्ड की तकनीक में किए गए बदलावों पर कहा कि बल्लेबाज ने बल्लेबाजी के दौरान खड़े होने की स्थिति और अपने मूवमेंट में कुछ बदलाव किए थे। हालांकि, उन्होंने माना कि इतने छोटे नमूने के आधार पर यह कहना मुश्किल है कि ये बदलाव अंतरराष्ट्रीय स्तर के दबाव में कितने प्रभावी रहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के लिए रेनशॉ को शामिल करना पारंपरिक विकल्प माना जा रहा है। मैके में टेस्ट पदार्पण करने जा रहे रेनशॉ इस मैदान पर पहले ही दो प्रथम श्रेणी शतक लगा चुके हैं। 30 वर्षीय रेनशॉ ने अपना पिछला टेस्ट भारत के खिलाफ करीब तीन साल पहले खेला था। उन्होंने अब तक 14 टेस्ट की 24 पारियों में 645 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 29.31 रहा है।

घरेलू शेफील्ड शील्ड में रेनशॉ का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है। उन्होंने क्वींसलैंड के लिए 10 पारियों में करीब 50 की औसत से 499 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक लगाया है।

इंग्लिस भी बन सकते हैं सलामी बल्लेबाज

ऑस्ट्रेलिया के पास ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए जॉश इंग्लिस का विकल्प भी मौजूद है। पांच टेस्ट खेल चुके विकेटकीपर-बल्लेबाज आमतौर पर शेफील्ड शील्ड में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि, पिछले नवंबर में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ 40 और नाबाद 125 रन की पारियों ने उन्हें शीर्ष क्रम में मौका देने की संभावनाएं बढ़ा दी थीं।

दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल बांग्लादेश से 0-1 से पीछे है। दोनों टीमों के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलियाई टीम: पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर।

Related Articles

नवीनतम लेख