कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कांवड़ियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। पोखरडीहा मोड़ के पास हुए इस भीषण हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि करीब चार दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस व ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार, उसकी दादी सुंदर बाला (60) और चचेरे दादा नवल किशोर (60) के रूप में हुई है। बताया गया कि बस में करीब 45 कांवड़िये सवार थे और सभी नेपाल के रौहट जिले के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, कांवड़ियों का जत्था करीब चार दिन पहले देवघर पहुंचा था। बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने के बाद शुक्रवार सुबह सभी बस से बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने के बाद सतगावां थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सतगावां थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक के रातभर वाहन चलाने के कारण थके होने और इसी दौरान झपकी आने की बात सामने आई है। झपकी लगने के कारण बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
हादसे में घायल कांवड़िये: राम कैलाश साह (50), कलवा साह (45), रिंकू देवी (37), रामदेव साह (63), सिनार पोथी (55), उपेंद्र प्रसाद चौधरी (45), चंद्र खां यादव (14), सुमित्रा राय (52), नूर मोहम्मद (52, बस कंडक्टर), अमीरखन राय यादव (65), बिंदा ठाकुर (65), जी नंद लाल ठाकुर (65), रायबहादुर राम (65), लाल बहादुर (50), सचिव साह (6), रेखा माहतो नुनिया (46), सुनीता देवी (32), अभिराज कुमार (5), सिताबी राम (75), मंतुर देवी (55), सागर एहाट (13), आत्मा राम साह (24), वीरेंद्र साह (44), गिरजा देवी (55), रामप्रसाद साह (55), संजू देवी यादव (27), निधि यादव (5), सुरती यादव (65), अमिरक राय यादव (65), सुनैना देवी (60), महवा देवी (62), सरस्वती देवी (65), पनीलाल पंडित (60), मौजी लाल यादव (58), गीता देवी (50), विकास यादव (30), डोली मंडल (73), शक्ति कुमार (30), रजिया देवी (60) और जयमाला यादव (73) शामिल हैं।
