28.4 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

शिवभक्ति में राष्ट्रभक्ति का रंग, भागलपुर से निकलेगी तिरंगा कांवड़ यात्रा

भागलपुर। सावन के पावन महीने में धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को ‘भक्त याराना मंडल’ की ओर से बाबा बासुकीनाथ धाम के लिए भव्य तिरंगा कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में 108 कांवड़िए तिरंगा लेकर पैदल बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।

संस्था के महंत अमित कनोडिया, उप महंत विष्णु वर्मा और संरक्षक अश्वनी जोशी (मोंटी) ने बताया कि मंडल वर्ष 2011 से कांवड़ यात्रा का आयोजन कर रहा है। इस बार यात्रा के जरिए शिवभक्ति के साथ सामाजिक समरसता, स्वच्छता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने की पहल की गई है।

यात्रा की शुरुआत 14 अगस्त की सुबह सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरने के साथ होगी। कांवड़िए खरमनचक स्थित गोकुल धाम पहुंचेंगे, जहां शाम को बाबा बासुकीनाथ की महाआरती होगी। इसके बाद ढोल-नगाड़े, भजन और बाबा की झांकी के साथ यात्रा बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होगी। 15 अगस्त को रास्ते में जहां भी कांवड़ियों का पड़ाव होगा, वहां ध्वजारोहण और राष्ट्रगान किया जाएगा।

यात्रा के दौरान मलिन बस्तियों में सहभोज और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा और सेवा के लिए संस्था के 151 सदस्यीय दल की तैनाती रहेगी। संस्था ने प्रशासन से भागलपुर से बासुकीनाथ तक कांवड़ियों के लिए अलग कच्चा मार्ग बनाने की मांग की है, ताकि नंगे पैर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को पक्की और कंकरीली सड़कों से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

Related Articles

नवीनतम लेख