अररिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेवा और मानवता का संदेश देते हुए एसएसबी की 56वीं बटालियन के 13 जवानों ने गुरुवार को बथनाहा स्थित वाहिनी चिकित्सालय में रक्तदान किया। द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में सदर अस्पताल की मेडिकल टीम ने रक्त संग्रह किया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त अधिकोष में सुरक्षित रखा जाएगा।
कमांडिंग ऑफिसर नितिन कुमार गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। उन्होंने जवानों के इस प्रयास की सराहना करते हुए अन्य लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर उप कमांडेंट रविकांत चौधरी सहित 13 कार्मिकों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम में कमांडेंट (चिकित्सा) मनोज बोरा, द्वितीय कमान अधिकारी (चिकित्सा) डॉ. बीर बहादुर सिंह, सहायक कमांडेंट मिस शबाना एम.ए., निहार पांडा तथा सदर अस्पताल की मेडिकल टीम से लैब टेक्नीशियन बादल कुमार साह, स्वास्थ्यकर्मी मो. इस्माइल, नितेश कुमार, सुनील कुमार गुप्ता समेत वाहिनी चिकित्सालय के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
