रांची। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में समारोह की सभी औपचारिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। 15 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यहां ध्वजारोहण करेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर समारोह स्थल पर बिना अनुमति ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल अधिकृत विभागीय स्तर से ड्रोन का इस्तेमाल किया जा सकेगा। एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाए और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री के साथ प्रवेश न दिया जाए।
रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने परेड की सलामी ली। समारोह में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और एनसीसी के बालक-बालिका प्लाटून शामिल होंगे। जैप-1, जैप-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैंड पार्टियां भी प्रस्तुति देंगी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में फर्स्ट इन कमांड 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा और सेकेंड इन कमांड परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर होंगे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को अपने दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखने तथा मुख्य अतिथियों के आगमन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
