जमशेदपुर। सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा की ओर से 17 अगस्त को तीसरी सोमवारी पर सामूहिक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। समिति को इस बार 11 से 15 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। गुरुवार को भालूबासा स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता कर समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
यात्रा सुबह सात बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान से शुरू होगी। यहां सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल से संकल्प और पूजन के बाद श्रद्धालु सूर्य मंदिर के लिए रवाना होंगे। यात्रा में भजन, भक्तिमय संगीत, झांकियां और पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो एंबुलेंस, मेडिकल टीम और 200 से अधिक सेवक तैनात रहेंगे। सूर्य मंदिर में अरघा के माध्यम से जलार्पण और महाप्रसाद की व्यवस्था होगी। शाम को काशी के गंगा घाट की तर्ज पर 11 सदस्यीय वाराणसी मंडली भव्य महाआरती करेगी। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि, दीपमाला और आतिशबाजी से पूरा परिसर भक्तिमय होगा।
प्रेस वार्ता में अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा, वरिष्ठ सदस्य कुलवंत सिंह बंटी और चंद्रगुप्त सिंह मौजूद रहे।
