रांची। जेपीएससी-जेएसएससी समेत भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ विधानसभा घेराव के दौरान अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा के झारखंड बंद का मंगलवार को कई जिलों में मिलाजुला असर देखने को मिला। हजारीबाग, जमशेदपुर, रामगढ़, गढ़वा, देवघर, पाकुड़ और जामताड़ा समेत कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और दुकानों को बंद कराया। इस दौरान कहीं टायर जलाकर विरोध किया गया तो कहीं सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
हजारीबाग में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही सड़कों पर नजर आए। जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रतिष्ठानों को बंद कराया। वहीं, जमशेदपुर में कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया और कई दुकानों को बंद कराया।
रामगढ़ में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इससे यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस मौके पर तैनात रही और यातायात व्यवस्था संभालने का प्रयास करती रही।
गढ़वा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रंका मोड़ घंटाघर के पास जुटकर सड़क जाम किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
देवघर में भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न चौक-चौराहों पर एकजुट हुए और झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से बंद को समर्थन देने की अपील की।
पाकुड़ में बंद को सफल बनाने के दौरान पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को नगर थाना में रखा गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जामताड़ा में भी बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बाजार में पहुंचे और दुकानों को बंद कराया। इस दौरान सड़क पर नारेबाजी कर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया।
भाजपा का आरोप है कि विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। इसी के विरोध में पार्टी ने मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया था। हालांकि, कई स्थानों पर प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे और बंद का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग नजर आया।
