रांची। मुख्यमंत्री आवास के घेराव की कोशिश को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को भाजपा विधायकों ने सीएम आवास की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए हंगामा किया।
मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देना स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा से किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से मामले में नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की।
‘बड़ी घटना होते-होते बची’
इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री आवास में रहते हैं। ऐसे में वहां पहुंचकर हंगामा करना गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र है कि सोमवार को बड़ी घटना टल गई।
मंत्री ने भाजपा की राजनीति को ‘अराजकता की राजनीति’ बताते हुए कहा कि विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन संवैधानिक पद की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।
युवा आंदोलन पर भी बोले मंत्री
मंत्री ने कहा कि राज्य के युवा अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। सरकार बातचीत के जरिए उनकी समस्याओं का समाधान चाहती है। उन्होंने भाजपा पर युवाओं के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने, कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च किया था। इसी दौरान भाजपा नेताओं ने भी सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया। विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
