रांची। जेपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों का विधानसभा घेराव मार्च सोमवार को तेज हो गया। बड़ी संख्या में छात्र विधानसभा की ओर बढ़े और रास्ते में पुलिस की ओर से लगाई गई कई बैरिकेडिंग को पार कर आगे बढ़ते रहे। छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
आंदोलनकारी छात्र नेता और अनशनकारी देवेंद्रनाथ महतो ने सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि छात्रों की बढ़ती ताकत देखकर सरकार घबरा गई है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लगातार लाठीचार्ज कराना सरकार की कायरता को दर्शाता है।
महतो ने कहा कि आंदोलन का सोमवार को 17वां दिन है, जबकि उनकी भूख हड़ताल नौवें दिन में प्रवेश कर चुकी है। इसके बावजूद सरकार छात्रों की मांगों को मानने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए यह ऐतिहासिक दिन है और यदि सरकार अब भी उनकी आवाज नहीं सुनती है तो पूरे देश और दुनिया में झारखंड सरकार की किरकिरी होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। महतो ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी और जब तक छात्र अपनी मांगों को लेकर संतुष्ट नहीं होते, तब तक आंदोलन भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि जेपीएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। सोमवार को छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा की ओर बढ़े, जिसके बाद उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
