हरिद्वार। कांवड़ मेले के 11वें दिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिवभक्तों को लगातार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शनिवार को जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 31,739 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 1 लाख 93 हजार 374 शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा चुकी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग समेत जिले के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बीमार पड़ने वाले या चोटिल होने वाले शिवभक्तों को तत्काल निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल इकाइयां तैनात
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और कांवड़ मेले के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल इकाइयों को शामिल किया गया है। ये इकाइयां लगातार कांवड़ मार्ग पर भ्रमण कर रही हैं और रास्ते में बीमार पड़ने या थकान से परेशान शिवभक्तों को मौके पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें शिविरों में लगातार तैनात हैं, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार मिल सके।
पानी पीने और बीच-बीच में आराम की अपील
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गर्मी और भीड़ को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और लंबे समय तक लगातार पैदल चलने के बजाय बीच-बीच में विश्राम करें।
उन्होंने कहा कि पैदल यात्रा के दौरान पैरों में छाले, दर्द या किसी अन्य तरह की परेशानी होने पर उसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
