28.6 C
Kolkata
Sunday, August 9, 2026

अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत बिगड़ी, धरनास्थल पर पहुंची चिकित्सकों की टीम

रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच रविवार को अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। महेंद्र मंडल और प्रेम नायक को उल्टी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की शिकायत के बाद धरनास्थल पर चिकित्सकों को बुलाया गया। दोनों छात्र देवेंद्र नाथ महतो के साथ आमरण अनशन पर बैठे हैं।

छात्रों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल से चिकित्सकों की टीम धरनास्थल पहुंची और दोनों छात्रों की जांच की। चिकित्सकों के अनुसार, लंबे समय से अनशन पर रहने के कारण छात्रों के शरीर में पानी की कमी हो गई है। इसी वजह से उन्हें पेट से जुड़ी परेशानी होने की बात सामने आई है।

जांच के बाद चिकित्सकों ने दी जानकारी

सदर अस्पताल से पहुंचे चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि छात्रों में गंभीर निर्जलीकरण के लक्षण पाए गए हैं। इसके कारण उन्हें गैस्ट्राइटिस की समस्या हुई है। चिकित्सक ने छात्रों को सांस लेने में किसी तरह की गंभीर परेशानी होने की बात से इनकार किया।

हालांकि, आंदोलनकारी कुश की तबीयत अधिक खराब होने के कारण उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया गया। वहीं महेंद्र मंडल और प्रेम नायक की भी तबीयत खराब बताई गई, लेकिन दोनों ने फिलहाल अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। चिकित्सकों ने मौके पर ही उनकी जांच कर आवश्यक सलाह दी।

अनशन के कारण पहले भी बिगड़ी थी छात्रों की तबीयत

जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलन जारी है। इससे पहले शुक्रवार को भी लगातार आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेता राहुल क्रांति और बी. पांडे की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।

अनशन के दौरान राहुल क्रांति को तेज बुखार के साथ चक्कर आया और वह बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें रांची सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगातार अनशन के कारण आंदोलन में शामिल छात्रों की तबीयत बिगड़ने को लेकर अब चिकित्सकीय निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस और लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख