रांची। JSSC और JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और घोटाले के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सैकड़ों छात्रों ने प्रदर्शन किया।
सीएम आवास की ओर बढ़े छात्र
एबीवीपी के छात्र कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास से पहले ही छात्रों को रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
आंदोलनरत छात्रों की मांग है कि JSSC और JPSC की अब तक हुई परीक्षाओं में जहां भी कथित अनियमितता या घोटाले की शिकायत सामने आई है, उसकी निष्पक्ष जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए। छात्रों ने दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है।
मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में कई दिनों से आंदोलन चल रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री ने अब तक आंदोलनरत छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनी हैं।
छात्रों ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए आंदोलनकारियों से सीधे वार्ता करनी चाहिए। उनका कहना है कि JSSC-JPSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल मुख्यमंत्री आवास से पहले रोके गए एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। प्रदर्शन को देखते हुए कांके रोड क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
