रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर आंदोलनकारियों ने राज्य के सभी 24 जिलों के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से रांची पहुंचने की अपील की है।
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से सोशल मीडिया पर जारी सूचना में छात्रों से 8 और 9 अगस्त से ही बस और ट्रेन के माध्यम से रांची पहुंचने को कहा गया है, ताकि 10 अगस्त के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हो सकें।
प्रशासन द्वारा रास्ता रोके जाने का दावा
आंदोलनकारियों ने दावा किया है कि 10 अगस्त को रांची पहुंचने वाले छात्रों को प्रशासन की ओर से रोका जा सकता है। इसी वजह से छात्रों से दो दिन पहले ही रांची पहुंचने की अपील की जा रही है। आंदोलनकारियों ने यह भी दावा किया कि आंदोलन की शुरुआत के दिन हजारीबाग से आने वाली 10 से अधिक बसों को रोका गया था।
छात्र संगठनों और आंदोलन से जुड़े लोगों ने अभिभावकों, शिक्षकों और लाइब्रेरी संचालकों से भी आंदोलन में सहयोग करने की अपील की है।
जयपाल सिंह स्टेडियम में ठहरने की व्यवस्था
आंदोलनकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों के रांची पहुंचने की संभावना है। रांची पहुंचने वाले छात्रों के लिए जयपाल सिंह स्टेडियम को ठहरने का स्थान बताया गया है। छात्रों से रांची पहुंचने के बाद स्टेडियम में एकत्रित होने की अपील की गई है। आंदोलनकारियों का दावा है कि वहां रहने और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
अधिकारों की लड़ाई के लिए एकजुट होने की अपील
आंदोलनकारियों ने छात्रों से अधिक से अधिक संख्या में विधानसभा घेराव में शामिल होने का आह्वान किया है। जारी संदेश में कहा गया है कि अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए छात्रों को खुद आगे आना होगा और एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेना होगा।
