देवघर। सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। देशभर से श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में पटना सिटी के मारूगंज बाजार मोहल्ले के करीब 500 कांवरियों की टोली 54 फीट लंबे विशाल कांवर के साथ 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर पहुंची।
कांवरियों ने सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर दो दिनों में करीब 105 किलोमीटर की दूरी तय की। देवघर पहुंचने के बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान से जलाभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।
2008 से चली आ रही 54 फीट कांवर की परंपरा
कांवर यात्रा का नेतृत्व कर रहे पटना सिटी निवासी रोशन कुमार ने बताया कि उनकी टोली वर्ष 2008 से लगातार 54 फीट के कांवर के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक यात्रा करती आ रही है। विशाल कांवर में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसे आकर्षक बनाने के लिए चांदी की छोटी-छोटी प्रतिमाएं भी लगाई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष पटना सिटी के मारूगंज बाजार के युवा एकजुट होकर इस धार्मिक यात्रा में शामिल होते हैं। यात्रा के दौरान रास्ते में स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं का भी कांवरियों को सहयोग मिलता है।
देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना
कांवर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा बाबा बैद्यनाथ के प्रति श्रद्धा और भक्ति प्रकट करने के साथ-साथ क्षेत्र और पूरे देश की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलकामना के लिए की जाती है।
सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर निकले कांवरियों ने देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। विशाल कांवर को देखने के लिए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भी भीड़ जुटी रही। जलाभिषेक के बाद कांवरिया अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए।
