30.6 C
Kolkata
Saturday, August 8, 2026

राहुल गांधी दिशाविहीन, सदन में चर्चा नहीं करते : अन्नपूर्णा देवी

गिरिडीह। केंद्रीय मंत्री और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी किसी मुद्दे पर सदन में चर्चा नहीं करना चाहते। अवसर मिलने के बावजूद वह न तो अपनी बात रखते हैं और न ही दूसरों को अपनी बात रखने देते हैं। इसके बाद सदन के बाहर आकर रील बनाते हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी सदन की कार्यवाही को बाधित करते हैं और आम लोगों की समस्याओं से जुड़े मुद्दे भी उठाने नहीं देते। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष दिशाहीन और भटके हुए हैं तथा लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। शायद उनके पास लोकसभा में रखने के लिए कुछ कहने को ही नहीं है।

छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीरता से कदम उठाए

झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छात्र बेहद संयमित तरीके से हेमंत सरकार के सामने अपनी मांगें रख रहे हैं। सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाना चाहिए और समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जेपीएससी हो या जेएसएससी, राज्य में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर ऐसा लगता है कि झारखंड के छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह सीटें बेचे जाने की बातें सामने आ रही हैं, उससे योग्य छात्रों को उनका अधिकार नहीं मिल पा रहा है।

परीक्षा में अनियमितता दूर करने की जरूरत

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि गरीब अभिभावक अपना पेट काटकर बच्चों को पढ़ाते हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाते हैं। ऐसे में यदि सीटों को लेकर अनियमितता होगी तो बच्चों की मेहनत और अभिभावकों के त्याग का क्या होगा।

उन्होंने कहा कि पिछले छह-सात वर्षों से ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है कि एक ही परीक्षा केंद्र से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सफल हो रहे हैं। इस तरह की अनियमितताओं को दूर करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत है।

Related Articles

नवीनतम लेख